महिलाओं के सम्मान एवं अधिकारों को मिलेगा बढ़ावा आशा नौटियाल

आज बृहस्पतिवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर रुद्रप्रयाग में विभिन्न सामाजिक संगठनों की महिलाओं द्वारा किया गया सम्मेलन

 

महिलाओं को मिलेगा 33 प्रतिशत आरक्षण मंत्री भरत चौधरी

 

रुद्रप्रयाग। जिला पंचायत सभागार में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर जनपद रुद्रप्रयाग की मातृ शक्ति द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत की विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न समूहों की महिलाओं ने प्रतिभाग किया।इस दौरान सरकार द्वारा महिलाओं के लिए बनाए गए नए कानूनों पर चर्चा की गई।

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारित 2023 के नारी शक्ति वंदन अधिनियम को देश की मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है, जो महिला सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक बदलाव है।
मंत्री ने कहा, “महिलाओं की शक्ति और साहस ही हमारे समाज की प्रगति का आधार हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को लोकतंत्र के शीर्ष मंचों तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त किया है।” उन्होंने यह भी कहा कि नीति-निर्माण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना इस अधिनियम का महत्वपूर्ण पहलू है।

कार्यक्रम में विधायक आशा नौटियाल ने प्रधानमंत्री मोदी की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री ने 2014 में शपथ लेने के बाद से महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं की शुरुआत की है। कहा कि पहले महिलाएं सृष्टि की सृजनकर्ता थी, अब महिलाएं निर्णयकर्ता भी हो गई हैं। कहा कि नारी शसक्तीकरण में “सशक्त बहना उत्सव योजना” और “मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना” जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। इसके अलावा, “वोकल फॉर लोकल” के तहत महिला समूहों के स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड की शुरुआत की गई है। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका गोपेश्वर पुष्पा पासवान ने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इससे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और वे नीति-निर्माण में प्रभावी भूमिका निभाकर देश के विकास को नई दिशा देंगी।

इस दौरान कार्यक्रम में अध्यक्ष जिला पंचायत पूनम कठेत, उपाध्यक्ष महिला आयोग ऐश्वर्या रावत, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुमन जमलोकी, महिल मोर्चा पूर्व प्रदेश महामंत्री सरला खंडूरी, महिला मोर्चा प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी बबीता रावत,कार्यक्रम प्रभारी विनोद देवशाली, कार्यक्रम संयोजक राय सिंह राणा ,जिला मीडिया प्रभारी सतेन्द्र बर्त्वाल,जिला महामंत्री महिला मोर्चा अर्चना चमोली, सुषमा देवी आदि सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न समूह की मातृशक्ति मौजूद रही।