V Cash ने ‘याद तू आया’ गाने से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी आवाज़ का बिखेरा जादू…..

बॉलीवुड फिल्म ‘पारिवारिक मनोरंजन’ में गूंज रही उत्तराखंड के गायक V Cash की आवाज़, ‘याद तू आया’ गाने से बनाई खास पहचान

देहरादून। उत्तराखंड के लोकप्रिय गायक V Cash (विकास भारद्वाज) ने बॉलीवुड फिल्म ‘पारिवारिक मनोरंजन’ के जरिए हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी आवाज़ का जादू बिखेरा है। फिल्म में उनका गाया गीत ‘याद तू आया’ दर्शकों के बीच खास चर्चा का विषय बना हुआ है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं।

इस गीत की खास बात यह है कि इसके संगीत निर्देशन की जिम्मेदारी अनुज गर्ग ने संभाली है, जबकि इसके म्यूजिक अरेंजर बाबा हैं। बाबा ने इस गीत में अलग-अलग वाद्ययंत्रों को स्वयं बजाकर संगीत को और भी खास एवं प्रभावशाली बनाया है।

V Cash ने अपनी गायकी से इस गीत में भावनाओं को खूबसूरती से प्रस्तुत किया है। फिल्म के अंतिम हिस्से में उनका गाया यह गीत सुनाई देता है।

बता दें कि V Cash बचपन से ही संगीत की दुनिया में सक्रिय हैं। पांच वर्ष की उम्र से गायकी और मंचीय प्रस्तुतियों की शुरुआत करने वाले V Cash हिंदी, बॉलीवुड, सूफियाना, पंजाबी और उत्तराखंडी लोकसंगीत में अपनी अलग पहचान रखते हैं। उन्हें उत्तराखंड सरकार द्वारा भी सर्वश्रेष्ठ सूफी गायक के सम्मान से नवाजा जा चुका है।

उत्तराखंड की मिट्टी से निकलकर बॉलीवुड तक पहुंचने का उनका यह सफर प्रदेश के उभरते कलाकारों के लिए भी प्रेरणादायक है।