नन्हे कदमों ने मंच पर बिखेरे हुनर के रंग, वार्षिकोत्सव में दिखा बच्चों का आत्मविश्वास

नन्हे-मुन्नों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से बांधा समां, वार्षिकोत्सव में दिखी प्रतिभा की झलक

मसूरी । बचपन प्ले स्कूल का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने नृत्य, कविता पाठ और कहानी वाचन सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। हिंदी और अंग्रेजी में प्रस्तुत कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया और सभागार तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सिने अभिनेत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता इंद्राणी पांधी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सपना गोयल ने वर्षभर आयोजित शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए बच्चों की उपलब्धियों और विद्यालय की गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि इंद्राणी पांधी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में बच्चों ने जिस आत्मविश्वास और उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वह सराहनीय है। इसके पीछे विद्यालय की शिक्षिकाओं की मेहनत और समर्पण स्पष्ट दिखाई देता है। उन्होंने प्रधानाचार्या सपना गोयल और विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी प्रतिभा को निखारने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यालय इसी तरह बच्चों को प्रोत्साहित करता रहेगा, ताकि वे भविष्य में विद्यालय और मसूरी का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने विद्यालय को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर आरएन भार्गव इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य अनुज तायल ने कहा कि आरएन भार्गव द्वारा चार वर्ष पूर्व शुरू किया गया यह विद्यालय देशभर में संचालित लगभग 1500 विद्यालयों की श्रृंखला का हिस्सा है। यह मसूरी का पहला ऐसा विद्यालय है, जहां अखिल भारतीय पाठ्यक्रम के अनुरूप शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनकी रचनात्मक और अंतर्निहित प्रतिभाओं को निखारने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वार्षिकोत्सव में बच्चों को मंच प्रदान कर उनकी क्षमताओं को सामने लाने का सराहनीय प्रयास किया गया है। कार्यक्रम में इंद्राणी पांधी, अनुज तायल, नीरज अग्रवाल, विद्यालय की शिक्षिकाएं और अभिभावक मौजूद रहे।