देहरादून । भारतीय डाक प्रशासनिक कार्यालय कर्मचारी संघ द्वारा आज अग्रवाल भवन, देहरादून में अखिल भारतीय प्रतिनिधि बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में देश के विभिन्न राज्यों एवं परिमंडलों से संघ के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों, जिनमें सेवा संबंधी मामले, प्रशासनिक विषय, कैडर, स्थानांतरण, पदोन्नति, प्रशिक्षण तथा अन्य कर्मचारी हितों से संबंधित मुद्दे शामिल रहे, पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
प्रतिनिधियों द्वारा कर्मचारियों के समक्ष आ रही समस्याओं एवं उनकी अपेक्षाओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयासों एवं भविष्य की संगठनात्मक रणनीति पर भी विचार किया गया।
बैठक का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त कर्मचारी संबंधी विषयों को एक मंच पर लाकर उनके समाधान हेतु प्रभावी पहल करना तथा कर्मचारियों के हितों को उचित स्तर पर प्रस्तुत करना रहा।
