मसूरी । महात्मा योगेश्वर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मसूरी में तहसील, विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में एक दिवसीय विधिक जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट सिविल जज मनोज सिंह राणा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कानून की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल दौर में कानून की जानकारी होना ही सबसे बड़ा बचाव है। साइबर अपराध और मानव तस्करी पर विशेष जोर न्यायिक मजिस्ट्रेट मनोज सिंह राणा ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बढ़ते खतरों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने इंटरनेट व सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के गुर सिखाए।
इसके साथ ही उन्होंने मानव तस्करी जैसे संगठित अपराधों के भयावह दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार असामाजिक तत्व भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाते हैं और इससे कैसे बचा जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों का असली दोस्त पुस्तकें है अच्छा स्थान स्कूल है, उन्होंने छात्र-छात्राओं को एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हुए संविधान में दिए गए मौलिक कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से अध्यक्ष शैलेन्द्र कर्णवाल ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया, तथा परिचय प्रधानाचार्य डॉ मनोज रयाल द्वारा कराया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, सहित शिक्षकगण, तहसील प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।