केदारनाथ धाम पहुंचे आईजी राजीव स्वरूप, यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन, बेहतर भीड़ प्रबंधन और पुलिस जवानों के कल्याण पर दिए विशेष निर्देश

रूद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र उत्तराखण्ड राजीव स्वरूप ने रविवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर, आस्था पथ, लाइन व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की एंट्री-एग्जिट व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आईजी गढ़वाल ने ड्यूटीरत पुलिस जवानों से संवाद कर उनकी कार्य चुनौतियों और व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने पुलिस कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बाबा केदार की सेवा का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु वर्षों की मनोकामना लेकर धाम पहुंचते हैं, इसलिए उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए पुलिस को सेवा भाव से कार्य करना चाहिए।
उन्होंने पिछले 26 दिनों में पुलिस द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सहायता, भीड़ नियंत्रण और यात्रा संचालन में और अधिक संवेदनशीलता व जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाए। साथ ही पुलिस उपाधीक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे प्रतिदिन श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें तथा अधीनस्थ पुलिस बल का मनोबल बढ़ाएं।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा अवधि में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कार्मिकों को प्रतिदिन “पुलिस पर्सनल ऑफ दि डे” सम्मान दिया जा रहा है। अब तक 41 पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया जा चुका है।
आईजी गढ़वाल ने पुलिस जवानों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को भी प्राथमिकता देते हुए एसपी रुद्रप्रयाग को निर्देश दिए कि पुलिस बल की ड्यूटी रोटेशन के आधार पर बदली जाए तथा जवानों को उच्च कैलोरी युक्त भोजन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे उच्च मनोबल के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।
आईजी राजीव स्वरूप ने कहा कि ऋषिकेश से सोनप्रयाग और केदारनाथ धाम तक सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि बीकेटीसी, पुरोहित समाज एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर भीड़ प्रबंधन, प्रतीक्षा समय कम करने तथा व्यवस्थित दर्शन व्यवस्था के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनाई जा सके। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक संजय उप्रेती, पुलिस उपाधीक्षक उमेश मलिक, निरीक्षक यात्रा मुकेश चौहान, चौकी प्रभारी केदारनाथ कुलदीप पंत सहित पुलिस, पीएसी, फायर, एलआईयू, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पैरामिलिट्री फोर्स, होमगार्ड्स एवं पीआरडी के जवान उपस्थित रहे।