रुद्रपुर । पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्तियों पर प्रहार करते हुए दो बड़े तस्करों की लगभग घ्6.70 करोड़ की संपत्ति कुर्क करने की कार्यवाही शुरू कर दी है।
थाना पुलभट्टा क्षेत्र में कुख्यात स्मैक तस्कर रिफाकत के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। 1 जनवरी को पुलिस तलाशी के दौरान रिफाकत ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1060 ग्राम स्मैक, एक 315 बोर तमंचा और कारतूस बरामद किए गया था।
इस मामले में छक्च्ै एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि रिफाकत लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है और उसके खिलाफ हत्या, तस्करी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं। आर्थिक जांच में उसके नाम पर करीब 3.70 करोड़ की अवैध संपत्ति का खुलासा हुआ. इन संपत्तियों को कुर्क करने के लिए 19 मार्च को सक्षम प्राधिकरण, नई दिल्ली में प्रक्रिया शुरू की गई।
दूसरे मामले में गांजा तस्करी के बड़े सरगना संजय गुप्ता से 11 अप्रैल 2025 को पुलभट्टा पुलिस ने एक वाहन से 434.748 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। जांच में संजय गुप्ता का नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया। वह अन्य राज्यों से गांजा लाकर उत्तराखंड में सप्लाई करता था और खुद को बचाने के लिए वाहनों को दूसरों के नाम पर चलाता था।
जांच के दौरान पता चला कि उसने अवैध तस्करी के जरिए करीब 3 करोड़ की संपत्ति अर्जित की है, जिसमें प्लॉट, दुकानें, मकान और वाहन शामिल हैं। पुलिस ने इन संपत्तियों के जब्तीकरण के लिए 19 मार्च को सक्षम प्राधिकरण के समक्ष साक्ष्य प्रस्तुत कर दिया है। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अपराध से अर्जित संपत्ति को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।