देहरादून। आईएमएस यूनिसन यूनिवर्सिटी एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में नौवें दीक्षांत समारोह का आयोजन करने जा रहा है। यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम कल शनिवार को सुबह 10ः30 बजे से वेदांता हॉल, डीआईटी यूनिवर्सिटी में शुरू होगा।
यह दिन विश्वविद्यालय के उन सभी स्नातकों के अथक परिश्रम, लगन और शैक्षिक सफलता को समर्पित है, जो नए जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
इस वर्ष का समारोह काफ़ी ख़ास होगा, क्योंकि इसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले दो ख़ास लोग शामिल होंगे। मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात उद्यमी, परोपकारी और पर्यावरण-संरक्षक श्रीमती रेवती कामत जी उपस्थित रहेंगी। विशिष्ट अतिथि के तौर पर डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी, सचिव, लेबर एंड प्लानिंग, उत्तराखंड सरकार. समारोह में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक ऐकडेमिक प्रोसेशन से होगा, जो विश्वविद्यालय की ज्ञान-परंपरा और गौरव का प्रतीक है। इसके बाद, मुख्य अतिथि औपचारिक रूप से दीक्षांत समारोह का उद्घाटन करेंगी। इस ऐतिहासिक अवसर पर, विश्वविद्यालय विभिन्न विषयों के कुल 549 छात्र-छात्राओं को उनकी डिग्री प्रदान करेगा। साथ ही, अतुल्य शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए चयनित मेधावी छात्रों को विशिष्ट सम्मान स्वरूप फाउंडर चेयरमैन्स मेडल एवं प्रेसिडेंट्स मेडल से भी अलंकृत किया जाएगा।
यह समारोह शैक्षिक उपलब्धियों के साथ-साथ आईएमएस यूनिसन यूनिवर्सिटी नं अपने स्नातकों में संप्रेषित किए सत्यनिष्ठा, नवाचार और सेवा के मूल्यों का भी उत्सव होगा।